पटना के पारस अस्पताल में गैंगस्टर चंदन मिश्रा की सरेआम हत्या, चिराग पासवान बोले – "बिहार में कानून-व्यवस्था ICU में है"
पटना, राजधानी पटना के हाईप्रोफाइल पारस अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए अपराधियों ने दिनदहाड़े गैंगस्टर चंदन मिश्रा की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। अस्पताल के भीतर हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है। इस हत्याकांड ने न सिर्फ पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि यह भी साफ कर दिया है कि अपराधियों के हौसले बिहार में किस कदर बुलंद हैं।
घटना के बाद लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा:
"बिहार में कानून-व्यवस्था आज एक गंभीर चिंता का विषय बन गई है। प्रतिदिन हत्याएं हो रही हैं, अपराधियों का मनोबल आसमान पर है। पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली समझ से परे है।"
अस्पताल के अंदर गोली चलने की घटना ने आम जनता की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर किस तरह अपराधी एक अस्पताल जैसी सुरक्षित जगह में भी घुसकर हत्या को अंजाम दे देते हैं और फरार हो जाते हैं।
चंदन मिश्रा को लेकर कहा जा रहा है कि वह कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और उसकी गतिविधियों पर पहले से ही नजर थी। लेकिन फिर भी इतनी बड़ी वारदात अस्पताल में हो जाना, कहीं न कहीं सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल देता है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अस्पताल परिसर के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। लेकिन इस वारदात ने बिहार में बढ़ते अपराध और गिरती कानून-व्यवस्था की तस्वीर एक बार फिर उजागर कर दी है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें